बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में प्रेम जाल में फंसाकर ठगी और शोषण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ निवासी एक युवक ने कोरबा की महिला को शादी का झांसा देकर उससे करीब 8 लाख रुपये नगद और जेवर ठग लिए। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मैट्रिमोनियल साइट से हुई थी पहचान
पीड़िता के मुताबिक साल 2023 में उसकी पहचान मैट्रिमोनियल साइट के जरिए पामगढ़ निवासी पवन यादव से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और धीरे-धीरे शादी को लेकर सहमति बन गई।
साल 2024 में दोनों की पहली मुलाकात बिलासपुर में हुई, जिसके बाद दोनों की मुलाकातें लगातार होती रहीं। इसी दौरान आरोपी ने महिला को भरोसे में लेकर शारीरिक संबंध भी बनाए।
नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी
आरोपी ने महिला को नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे करीब 3.5 लाख रुपये नगद ले लिए। इसके बाद अलग-अलग बहाने बनाकर महिला से करीब 5 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर — हार, चूड़ी और चेन भी ले लिए।
जब महिला ने शादी की बात की तो आरोपी टालमटोल करने लगा और बाद में फोन उठाना भी बंद कर दिया।
होटल में होती थी मुलाकात
बताया जा रहा है कि आरोपी महिला को कोरबा जाने के बजाय हर बार बिलासपुर बुलाता था। दोनों की मुलाकात तोरवा क्षेत्र के एक होटल में होती थी, जहां आरोपी ने महिला से संबंध बनाए और पैसे व जेवर भी ले लिए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़िता की शिकायत पर तोरवा थाना पुलिस ने आरोपी पवन यादव के खिलाफ दुष्कर्म और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

