जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। भाई को बचाने की कोशिश में बहन ने भी अपनी जान गंवा दी। तालाब में डूबने से दोनों मासूम भाई-बहन की मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कलिया निवासी जितेन्द्र दास के बच्चे विष्णु दास (9 वर्ष) और योगिता दास (12 वर्ष) रविवार शाम जंगल में महुआ बीनने गए थे।
नहाते समय हुआ हादसा
महुआ बीनकर लौटते समय दोनों गांव के एक तालाब में नहाने लगे। इसी दौरान विष्णु का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।
भाई को डूबता देख बहन योगिता उसे बचाने के लिए तुरंत तालाब में कूद गई, लेकिन पानी गहरा होने के कारण वह भी बाहर नहीं निकल सकी और दोनों डूब गए।
गांव में पसरा मातम
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों के शव तालाब से बाहर निकाले।
इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

