धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम बोडरा में किसानों के खेतों में भीषण आग लगने से भारी नुकसान हुआ है। आग की चपेट में आकर करीब 400 से 500 एकड़ फसल जलकर राख हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और किसानों में चिंता का माहौल है।
चना, राहर और सरसों की फसल जली
जानकारी के अनुसार किसानों ने अपने खेतों में चना, राहर, सरसों, लाखड़ी और पैरा की फसल उगाई थी। अचानक खेतों से तेज लपटें उठती देख किसान मौके पर पहुंचे और मोटर पंपों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया।
दमकल को पहुंचने में हुई दिक्कत
घटना की सूचना फायर ब्रिगेड टीम को भी दी गई थी, लेकिन खेतों में फसल होने के कारण दमकल वाहनों को आग तक पहुंचने में कठिनाई हुई। बाद में स्थानीय किसानों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
किसानों ने मांगा मुआवजा
किसानों का कहना है कि उनकी महीनों की मेहनत जलकर राख हो गई है। उन्होंने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।
कुछ किसानों ने आग के पीछे असामाजिक तत्वों की संदेहास्पद भूमिका होने की आशंका भी जताई है। प्रशासन द्वारा अब नुकसान का आकलन किए जाने की तैयारी की जा रही है।

