दुर्ग। छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध पंडवानी गायिका और पद्मश्री, पद्म भूषण तथा पद्म विभूषण से सम्मानित तीजन बाई की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। उन्हें रायपुर स्थित एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां न्यूरो सर्जरी वार्ड के आईसीयू में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
2024 से लकवे की बीमारी से पीड़ित
जानकारी के अनुसार 70 वर्षीय तीजन बाई वर्ष 2024 से लकवे (पैरालिसिस) की बीमारी से जूझ रही हैं। बताया जा रहा है कि पिछले करीब 20 दिनों से वे केवल जूस और फलों के सहारे ही रह रही थीं, जिसके बाद उनकी तबीयत और बिगड़ गई।
पीएम मोदी के दौरे के दौरान भी हुई थी चर्चा
बताया जा रहा है कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान उनके परिजनों से तीजन बाई के स्वास्थ्य को लेकर चर्चा की गई थी। फिलहाल डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
पंडवानी को दिलाई अंतरराष्ट्रीय पहचान
तीजन बाई ने छत्तीसगढ़ की लोककला ‘पंडवानी’ को देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर में पहचान दिलाई है। वे कपालिक शैली की प्रमुख कलाकार मानी जाती हैं और अब तक करीब 17 देशों में अपनी प्रस्तुति दे चुकी हैं।
उनके योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण जैसे देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से सम्मानित किया है।

