रायपुर, 12 मार्च 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सालय के सभागार से मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026 का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने योजना का लाभ लेने वाले उपभोक्ताओं को प्रमाण पत्र प्रदान किया और लोगों से अधिक से अधिक योजना का लाभ लेने की अपील की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत 2,931 हितग्राहियों को 8 करोड़ 79 लाख रुपये की सब्सिडी भी अंतरित की।
28 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बिजली आज लोगों की मूलभूत जरूरतों में शामिल हो चुकी है। कई परिवार आर्थिक कारणों से समय पर बिजली बिल का भुगतान नहीं कर पाते, जिससे सरचार्ज के कारण बकाया राशि बढ़ जाती है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने समाधान योजना शुरू की है।
उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से प्रदेश के 28 लाख 42 हजार उपभोक्ताओं को लगभग 757 करोड़ रुपये की राहत दी जाएगी। योजना से खासतौर पर निम्न एवं मध्यम आय वर्ग तथा कृषि उपभोक्ताओं को फायदा मिलेगा।
कोरोना काल के बकाया को ध्यान में रखकर योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में आर्थिक कठिनाइयों के कारण कई उपभोक्ता बिजली बिल का भुगतान नहीं कर पाए थे, जिससे बकाया राशि बढ़ गई थी। राज्य सरकार ने उपभोक्ताओं की इस समस्या को समझते हुए यह योजना लागू की है।
सूर्यघर योजना में बढ़ रही लोगों की रुचि
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रति प्रदेश में लोगों की रुचि लगातार बढ़ रही है और अब तक करीब 36 हजार लोग इस योजना से जुड़ चुके हैं। उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा सोलर पैनल वेंडर के रूप में कार्य करने को भी सकारात्मक पहल बताया।
योजना की मुख्य विशेषताएं
- 31 मार्च 2023 तक के बकाया उपभोक्ताओं को लाभ
- अधिभार (सरचार्ज) में 100% तक छूट
- मूल बकाया राशि में 75% तक छूट
- पंजीयन के समय कम से कम 10% राशि जमा करना अनिवार्य
- शेष राशि किस्तों में भुगतान की सुविधा
- योजना 30 जून 2026 तक प्रभावी रहेगी
शिविर लगाकर जोड़े जाएंगे उपभोक्ता
मुख्यमंत्री ने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर और प्रचार-प्रसार के माध्यम से अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ा जाए। साथ ही उन्होंने नागरिकों से बिजली बचत और अनावश्यक उपयोग से बचने की अपील की।
इस अवसर पर रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल और ऊर्जा विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और उपभोक्ता मौजूद रहे।

