बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार को बिलासपुर जिले के तखतपुर और कोनी के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान तखतपुर के लखासर गांव में गायों के संरक्षण और संवर्धन के लिए शुरू की गई गौधाम योजना का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मंच से क्षेत्र के एक पार्षद ने मुख्यमंत्री से सीधे संवाद करते हुए सड़कों पर बैठी गायों की समस्या और गौ हत्या व गौ तस्करी के मामलों को लेकर चिंता जताई। इस पर मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
सड़क पर बैठी गायों और गौ तस्करी का उठाया मुद्दा
कार्यक्रम के दौरान पार्षद ने कहा कि प्रदेश में कई जगहों पर सड़कों पर बड़ी संख्या में गायें बैठी रहती हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इसके साथ ही उन्होंने गौ तस्करी और गौ हत्या पर रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई की मांग भी की।
मुख्यमंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि सरकार द्वारा शुरू की जा रही गौधाम योजना का उद्देश्य ही गायों के संरक्षण और उनके बेहतर प्रबंधन को सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री का आभार भी जताया
कार्यक्रम में मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीणों और किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील पहल है। उन्होंने लाखों ग्रामीणों की ओर से मुख्यमंत्री का स्वागत और अभिनंदन भी किया।
सरकार की योजनाओं का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने लगभग 10 मिनट के संबोधन में राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश के लोगों के लिए बिजली बिल के सरचार्ज से राहत सहित कई नई योजनाएं शुरू की जाएंगी। साथ ही उन्होंने गौधाम योजना को गायों के संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
गौधाम का किया निरीक्षण
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने नए स्थापित गौधाम का निरीक्षण भी किया। यहां गायों के संरक्षण, संवर्धन और उनके पालन-पोषण से जुड़े कार्य किए जाएंगे।
इसके साथ ही लोगों को गौ संरक्षण और पशुपालन से जुड़े प्रशिक्षण देने की भी योजना बनाई जा रही है।

