रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नवा रायपुर स्थित अपने निवास में आयोजित एक समारोह में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथेरेपिस्ट और छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी को टाटा सिएरा एसयूवी कार उपहार स्वरूप प्रदान की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आकांक्षा सत्यवंशी को बधाई देते हुए कहा कि देश की बेटियों ने महिला विश्व कप जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने महिला क्रिकेट टीम के सम्मान और प्रोत्साहन के लिए टाटा मोटर्स द्वारा कार उपहार देने की पहल की भी सराहना की।
खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा दे रही राज्य सरकार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि खेल अधोसंरचना के विकास से प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण मिल रहा है, जिसके कारण वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों के माध्यम से प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों के युवा भी खेलों से जुड़ रहे हैं। इसके अलावा नेशनल ट्राइबल गेम्स की मेजबानी मिलने से भी राज्य में खेलों के लिए सकारात्मक माहौल बना है।
बेटियों के लिए प्रेरणा बनी टीम की जीत
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक जीत प्रदेश की बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि पिछली मुलाकात में भी आकांक्षा का आत्मविश्वास और ऊर्जा प्रेरणादायक थी और आज भी उनमें वही उत्साह देखने को मिल रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि टीम का यही जज्बा आने वाले अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट और विश्व कप में भी सफलता दिलाएगा।
मुख्यमंत्री के प्रोत्साहन से बढ़ा मनोबल
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथेरेपिस्ट आकांक्षा सत्यवंशी ने कहा कि विश्व कप जीतकर लौटने के बाद सबसे पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पूरी टीम का उत्साहवर्धन किया और उन्हें व्यक्तिगत रूप से मिलने के लिए आमंत्रित किया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का अभिभावक की तरह मिला स्नेह और प्रोत्साहन उनके लिए बेहद प्रेरणादायक है। उन्होंने फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में टीम में अपनी भूमिका और विश्व कप जीत की यात्रा से जुड़े अनुभव भी साझा किए।
इस अवसर पर भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, आकांक्षा के परिजन और टाटा मोटर्स के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
विश्व कप जीत के बाद मिला सम्मान
उल्लेखनीय है कि आईसीसी महिला विश्व कप 2025 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में टाटा मोटर्स ने टीम के खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को टाटा सिएरा एसयूवी भेंट करने की घोषणा की थी।
इसी क्रम में छत्तीसगढ़ की निवासी और टीम की फिजियोथेरेपिस्ट आकांक्षा सत्यवंशी को भी यह सम्मान दिया गया।

