मुंबई। रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म ‘धुरंधर 2’ रिलीज से पहले ही चर्चा में बनी हुई है। सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने फिल्म में कई बदलावों के बाद इसे वयस्क (A) श्रेणी का प्रमाणन दिया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सेंसर बोर्ड ने फिल्म के अत्यधिक हिंसक दृश्यों पर कड़ी आपत्ति जताई। इसके चलते कई सीन्स को छोटा किया गया, जबकि कुछ हिस्सों को पूरी तरह हटा दिया गया। हथौड़े से हमला, सीमेंट ब्लॉक से वार और आंखों से जुड़े हिंसक दृश्य जैसे कई सीन में कटौती की गई है।
बताया जा रहा है कि फिल्म को मंजूरी देने से पहले कुल 21 बदलाव कराए गए, जिसमें करीब डेढ़ मिनट से अधिक का फुटेज हटाया गया। खास तौर पर मारपीट और खून-खराबे वाले दृश्यों पर सेंसर बोर्ड ने सख्ती दिखाई।
सिर्फ दृश्य ही नहीं, बल्कि संवादों में भी संशोधन किया गया है। कई आपत्तिजनक शब्दों को म्यूट किया गया या बदला गया है। इसके अलावा कुछ पात्रों के नाम, उपशीर्षक और एक शहर के नाम में भी बदलाव करने के निर्देश दिए गए हैं।
फिल्म की शुरुआत में दर्शकों को सचेत करने के लिए विशेष चेतावनी जोड़ने को कहा गया है। साथ ही, समाचार और राजनीतिक संदर्भ वाले दृश्यों के लिए आवश्यक अनुमति पत्र प्रस्तुत किए गए हैं। पशुओं से जुड़े दृश्यों के लिए भी संबंधित प्राधिकरण का प्रमाण पत्र जमा किया गया है।
इन सभी बदलावों के बावजूद फिल्म की अवधि पर ज्यादा असर नहीं पड़ा है। ‘धुरंधर 2’ की कुल लंबाई लगभग 3 घंटे 50 मिनट बताई जा रही है, जो इसे लंबी फिल्मों की श्रेणी में रखती है।
फिल्म का विशेष प्रदर्शन 18 मार्च की शाम से शुरू होगा, जबकि 19 मार्च को यह देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। एडवांस बुकिंग में मिले शानदार रिस्पॉन्स के चलते फिल्म के बॉक्स ऑफिस पर बड़े रिकॉर्ड बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।


