इजरायल। अमरीका और इजरायल द्वारा ईरान पर हमलों के बाद अब जवाबी कार्रवाई का दौर शुरू हो गया है। इस तनावपूर्ण माहौल में इजरायल ने हिजबुल्लाह के रॉकेट हमलों को रोकने के लिए अपना अत्याधुनिक लेजर आधारित एयर डिफेंस सिस्टम ‘आयरन बीम’ तैनात कर दिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस बीच आयरन बीम से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि रॉकेट और अन्य हवाई खतरे हवा में ही बिना किसी विस्फोट के खत्म हो रहे हैं।
कैसे काम करता है आयरन बीम
आयरन बीम एक डायरेक्टेड एनर्जी वेपन है, जो लेजर तकनीक का उपयोग करता है। यह पारंपरिक मिसाइल सिस्टम से अलग है, क्योंकि इसमें गोले या मिसाइल का इस्तेमाल नहीं होता, बल्कि एक शक्तिशाली लेजर किरण से टारगेट को नष्ट किया जाता है।
100 किलोवाट लेजर की ताकत
यह सिस्टम लगभग 100 किलोवाट का सॉलिड-स्टेट लेजर इस्तेमाल करता है। लेजर किरण टारगेट को तेजी से गर्म कर उसे जलाने या उसकी संरचना को कमजोर करने में सक्षम होती है, जिससे रॉकेट या ड्रोन हवा में ही नष्ट हो जाते हैं।
मोबाइल और तेज प्रतिक्रिया वाला सिस्टम
आयरन बीम को ट्रक पर लगाया जाता है, जिससे इसे आसानी से एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा सकता है। इसका मुख्य हिस्सा एक बड़ा लेंस होता है, जो आसमान की ओर केंद्रित रहता है।
पारंपरिक डिफेंस सिस्टम से अलग
यह तकनीक पारंपरिक एयर डिफेंस सिस्टम से अलग है क्योंकि इसमें न तो मिसाइल दागी जाती है और न ही कोई बड़ा विस्फोट होता है। इससे दुश्मन को हमले का स्रोत समझना भी मुश्किल हो जाता है।

