महासमुंद। छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती जिले महासमुंद में सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से लग्जरी कारों में रखी कुल 47 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
चार संदिग्ध हिरासत में
मामले में चार संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इनमें दो मध्यप्रदेश और दो ओडिशा के निवासी बताए जा रहे हैं।
पहले मामले में कार सवार आशु बंसल (मुरैना, मध्यप्रदेश) और चालक महेंद्र चौहान (मलाजखंड, मध्यप्रदेश) शामिल हैं।
पलसापाली नाका पर 32.50 लाख जब्त
थाना बसना और बलौदा पुलिस की टीम ने अंतरराज्यीय सीमा पर चेकिंग के दौरान पदमपुर (ओडिशा) से आ रही टोयोटा हाईराइडर कार को रोका। तलाशी में एक प्लास्टिक बोरी से 500, 200, 100 और 50 रुपये के नोटों के बंडल मिले, जिनकी कुल राशि 32 लाख 50 हजार रुपये पाई गई।
सिरपुर नाका पर 15 लाख की बरामदगी
इसी तरह सिरपुर नाका पर चेकिंग के दौरान एक एक्सयूवी कार से 15 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। वाहन में सवार केशव अग्रवाल और गोविंद चंद मुंड (दोनों ओडिशा निवासी) से यह रकम मिली।
दस्तावेज नहीं दिखा पाए, जब्ती की कार्रवाई
पुलिस पूछताछ में चारों व्यक्ति नकदी के स्रोत और वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत नकदी और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया।
75.20 लाख की संपत्ति जब्त
जब्त संपत्ति में नकद राशि और वाहन सहित कुल 75 लाख 20 हजार रुपये का आकलन किया गया है। मामले की सूचना आयकर विभाग को दे दी गई है, जहां आगे की जांच की जाएगी।
पांच दिनों में 1.47 करोड़ से अधिक जब्ती
महासमुंद पुलिस ने पिछले पांच दिनों में कुल 1 करोड़ 47 लाख 50 हजार 480 रुपये नकद बरामद किए हैं। अंतरराज्यीय सीमा पर चेकिंग अभियान लगातार जारी है।

