रायपुर। राजधानी रायपुर नगर निगम की विशेष सामान्य सभा में आज जमकर हंगामा देखने को मिला। जल संकट के मुद्दे पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्ष और सत्तापक्ष के पार्षदों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। हालांकि सभापति ने साफ कर दिया कि दोनों पक्षों में सहमति नहीं बनने के कारण इस विषय पर चर्चा नहीं कराई जाएगी।
दरअसल, यह विशेष बैठक महिला सशक्तिकरण से जुड़े जनजागरूकता अभियान को लेकर बुलाई गई थी, लेकिन बैठक शुरू होने से पहले ही माहौल गरमा गया। सभा स्थल के बाहर भाजपा पार्षदों ने “कांग्रेस शर्म करो” के नारे लगाए और कांग्रेस पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाया।
विरोध जताने के लिए महापौर और भाजपा पार्षद काले कपड़े पहनकर बैठक में पहुंचे। इस दौरान दोनों पक्षों के पार्षद आमने-सामने नजर आए, जिससे सभा का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
संभावित हंगामे को देखते हुए नगर निगम परिसर में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। हंगामे के बीच सभा की कार्यवाही जारी है।


