रायपुर। राजधानी रायपुर के शहीद वीरनारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में IPL 2026 के दो बड़े मुकाबले खेले जाएंगे। 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का सामना मुंबई इंडियंस (MI) से होगा, जबकि 13 मई को RCB की भिड़ंत कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से होगी। दोनों मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होंगे।
जानकारी के अनुसार, इन मुकाबलों को लेकर टिकट बुकिंग मई के पहले सप्ताह से शुरू हो सकती है, हालांकि अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि RCB की टीम 8 मई को रायपुर पहुंचेगी और करीब 6 दिनों तक यहां रुककर अभ्यास करेगी। वहीं मुंबई इंडियंस की टीम के भी 8 मई के बाद राजधानी पहुंचने की संभावना है।
टिकट बुकिंग RCB की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन की जाएगी। टिकट की कीमत ₹2000 से शुरू होकर ₹8000 तक होगी, जिसमें ₹2500, ₹3500, ₹5000 और ₹8000 की कैटेगरी शामिल हैं।
इस बार दर्शकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए प्लैटिनम सीटों के सामने लगे कांच के पैनल हटा दिए गए हैं, जिससे फैंस खिलाड़ियों को और करीब से देख सकेंगे।


