कवर्धा। वैवाहिक सीजन और आगामी फसल की तैयारियों के बीच गन्ना किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के विशेष प्रयासों से भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना, राम्हेपुर द्वारा किसानों को 13.80 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। इसके साथ ही चालू पेराई सत्र में अब तक कुल 71.29 करोड़ रुपये का भुगतान किसानों को किया जा चुका है।
कलेक्टर एवं कारखाने के प्राधिकृत अधिकारी गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में भुगतान प्रक्रिया लगातार जारी है। समय पर भुगतान मिलने से किसानों में खुशी का माहौल है और सहकारी व्यवस्था के प्रति उनका विश्वास भी मजबूत हुआ है।
जानकारी के अनुसार, चालू पेराई सत्र में कारखाने ने 2,55,818 मीट्रिक टन गन्ना पेराई और 3,09,120 क्विंटल शक्कर उत्पादन का रिकॉर्ड बनाया है। प्रशासन का कहना है कि यह सफलता किसानों के सहयोग, बेहतर प्रबंधन और कारखाने की कुशल कार्यप्रणाली का परिणाम है।
भोरमदेव शक्कर कारखाना किसानों और श्रमिकों के हित में लगातार काम कर रहा है। किसानों को एफआरपी के अतिरिक्त रिकवरी आधारित भुगतान, बोनस, रियायती दर पर शक्कर, उन्नत बीज, कृषि मार्गदर्शन और प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं भी दी जा रही हैं।
इसके अलावा किसानों के लिए “बलराम सदन” और मात्र 5 रुपये में गरम भोजन की कैंटीन सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। कारखाना जिले की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ हजारों लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने में भी अहम भूमिका निभा रहा है।

