मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बन रही सड़क को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में भारी भ्रष्टाचार और घटिया गुणवत्ता का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से बनाई जा रही सड़क पहली बारिश भी नहीं झेल पाएगी।
जानकारी के अनुसार, जरहागांव के पास 130 (ए) मुख्य मार्ग से चीतवाकापा तक करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क के बेस में मजबूत गिट्टी और मटेरियल की जगह मिट्टी डालकर निर्माण किया जा रहा है, जिससे सड़क जल्द खराब होने का खतरा है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण कार्य रात के अंधेरे में कराया जा रहा है ताकि गुणवत्ता से जुड़ी खामियां छिपाई जा सकें। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने कई बार ठेकेदार और इंजीनियर से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई सुधार नहीं हुआ।
पानी निकासी की व्यवस्था नहीं
ग्रामीणों के मुताबिक सड़क के एक तरफ नहर और दूसरी ओर करीब 100 एकड़ किसानों की जमीन है, लेकिन पानी निकासी के लिए जरूरी व्यवस्था नहीं की गई है। इससे किसानों तक सिंचाई का पानी पहुंचने में बड़ी समस्या खड़ी हो सकती है।
पार्षद धीरसिंह बंजारे ने कहा कि सड़क निर्माण पूरी तरह घटिया स्तर का हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहली ही बारिश में सड़क की हालत खराब हो जाएगी।
वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष पति वेदप्रकाश ने बताया कि करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत से अनिल बिल्डकॉन द्वारा सड़क बनाई जा रही है, लेकिन बेस में गिट्टी की जगह मिट्टी का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रात में मनमाने तरीके से काम किया जा रहा है और आपत्ति के बावजूद सुधार नहीं किया गया।
फिलहाल ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

