रायपुर। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की वारदात सामने आई है। एक युवक पर ब्लेड से हमला कर आरोपी उसका मोबाइल लूटकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायल युवक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महासमुंद निवासी है पीड़ित युवक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित गौरव मोहबिया महासमुंद जिले का रहने वाला है। वह वर्तमान में रायपुर के राजातालाब इलाके में परिवार के साथ किराए के मकान में रहकर ड्राइवर का काम करता है।
मोबाइल पर बात करते समय हुआ हमला
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे गौरव राजातालाब से पैदल पंडरी स्थित अपने मालिक के घर जा रहा था। इस दौरान वह मोबाइल पर बातचीत कर रहा था। जैसे ही वह कंपू शोरूम के सामने गोविंद नगर इलाके में पहुंचा, तभी पीछे से पैदल आए एक युवक ने अचानक उस पर हमला कर दिया।
ब्लेड मारकर छीना मोबाइल
आरोपी ने गौरव के दाहिने हाथ पर ब्लेड से वार किया और उसका मोबाइल छीनकर मौके से फरार हो गया। हमले में युवक घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ लूट और हमला करने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

