नई दिल्ली। नीट-यूजी पेपर लीक मामले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित मास्टरमाइंड पीवी कुलकर्णी को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय तक NEET परीक्षा के प्रश्नपत्र तैयार करने वाली समिति से जुड़ा रहा है और उसे परीक्षा प्रक्रिया की गहरी जानकारी थी।
रिटायर्ड केमिस्ट्री प्रोफेसर निकला आरोपी
सीबीआई के अनुसार पीवी कुलकर्णी मूल रूप से महाराष्ट्र के लातूर का रहने वाला है और रिटायर्ड केमिस्ट्री प्रोफेसर है। जांच में सामने आया है कि उसने परीक्षा से पहले कुछ छात्रों को अपने घर पर विशेष कोचिंग दी थी।
छात्रों को बताए गए थे संभावित सवाल
आरोप है कि कुलकर्णी ने छात्रों को संभावित सवालों के सही जवाब और विकल्प समझाए थे। बाद में परीक्षा में आए कई सवाल छात्रों के नोट्स से मेल खाते पाए गए, जिसके बाद जांच एजेंसियों का शक गहरा गया।
सहयोगी मनीषा वाघमारे पहले ही गिरफ्तार
सीबीआई जांच में मनीषा वाघमारे नाम की महिला की भी भूमिका सामने आई है। एजेंसी उसे पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि पेपर लीक नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
कई शहरों से 7 आरोपी गिरफ्तार
अब तक जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहिल्यानगर समेत कई शहरों से कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें से 5 आरोपियों को अदालत ने 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है।
दिल्ली कोर्ट ने दी जांच की अनुमति
दिल्ली की एक अदालत ने आरोपी धनंजय लोखंडे को 6 दिन की सीबीआई हिरासत में भेजते हुए एजेंसी को पूरे नेटवर्क और साजिश की गहराई से जांच करने की अनुमति दी है।

