महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 600 किलो गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 12 लाख 15 हजार रुपए बताई जा रही है। मामले में महाराष्ट्र निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, ओडिशा सीमा से लगे अंतरराज्यीय चेक पोस्टों और अंदरूनी मार्गों पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस और ANTF को सूचना मिली कि टाटा माजदा वाहन (MH-46 CU-6060) में कंपनी का सामान लोड कर बड़ी मात्रा में गांजा महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है।
मशीनरी सामान के नीचे छिपाया था गांजा
सूचना के आधार पर सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के मुरमुरी चौक में घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका गया। तलाशी के दौरान कंपनी की मशीनरी और बड़े-बड़े कार्टूनों के नीचे तथा पीछे छिपाकर रखी गई 24 प्लास्टिक बोरियां बरामद हुईं।
बोरियों की जांच करने पर उनमें से 600 किलो अवैध गांजा मिला, जिसे पुलिस ने मौके पर ही जब्त कर लिया।
महाराष्ट्र का तस्कर गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान वाहन चालक महबूब बादशाह (65 वर्ष) निवासी अंबरनाथ, जिला ठाणे (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गांजे की खेप ओडिशा के बौद्ध जिले से लोड की गई थी और इसे महाराष्ट्र के ठाणे क्षेत्र में पहुंचाया जाना था।
मोबाइल, नकदी और वाहन भी जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से:
- 600 किलो गांजा
- एक मोबाइल फोन
- 10 हजार रुपए नकद
- टाटा माजदा वाहन
जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक जब्त गांजा और अन्य सामानों की कुल कीमत लगभग 3 करोड़ 12 लाख 15 हजार रुपए आंकी गई है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपी के खिलाफ NDPS Act की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, सप्लाई चेन और वित्तीय लेनदेन की भी जांच कर रही है।

