रायपुर। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल ने पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के मेधावी बच्चों के लिए बड़ी घोषणा की है। वर्ष 2025-26 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में शीर्ष 10 स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 2-2 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इसके लिए पात्र विद्यार्थियों की सूची भी तैयार कर ली गई है।
यह प्रोत्साहन “मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना” के तहत दिया जाएगा। योजना के अनुसार प्रत्येक चयनित विद्यार्थी को कुल 2 लाख रुपये का लाभ मिलेगा। इसमें 1 लाख रुपये नकद प्रोत्साहन राशि और 1 लाख रुपये दोपहिया वाहन खरीदने के लिए प्रदान किए जाएंगे।
मंडल के सचिव गिरीश कुमार रामटेके ने मुख्यमंत्री कार्यालय को पत्र भेजकर सम्मान समारोह की तिथि और समय निर्धारित करने का अनुरोध किया है। प्रस्तावित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे।
केवल पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों को मिलेगा लाभ
मंडल ने स्पष्ट किया है कि योजना का लाभ केवल उन विद्यार्थियों को मिलेगा, जिनके माता-पिता छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत निर्माण श्रमिक हैं। यह सम्मान छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) द्वारा आयोजित 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में टॉप-10 स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को दिया जाएगा।
रायपुर में होगा भव्य सम्मान समारोह
तिथि तय होने के बाद राजधानी रायपुर में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। संभावना है कि कार्यक्रम महानदी भवन या किसी अन्य निर्धारित स्थल पर आयोजित हो। समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय मेधावी विद्यार्थियों को सम्मान पत्र, चेक और अन्य लाभ प्रदान करेंगे।
मंडल का मानना है कि यह योजना निर्माण श्रमिकों के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए सहयोग और प्रोत्साहन मिलेगा।

