बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के न्यायधानी बिलासपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। कोनी थाना क्षेत्र में चार नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बदमाशों ने बीच सड़क पर एक युवक को घेरकर चाकू और लोहे की रॉड की नोक पर लूटपाट की। विरोध करने पर युवक की बेरहमी से पिटाई भी की गई। आरोपी पीड़ित से 1 लाख 70 हजार रुपये नगद और सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। [1]
घी खरीदने जा रहे युवक को बदमाशों ने घेरा
जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली क्षेत्र के कतियापारा निवासी अभिषेक गुप्ता घी खरीदने के लिए कोनी स्थित देवभोग कार्यालय जा रहे थे। भुगतान करने के लिए उन्होंने अपने पास 1 लाख 70 हजार रुपये कैश रखे थे। जैसे ही वे बिरकोना रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंचे, पीछे से दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए चार नकाबपोश बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया।
चाकू दिखाकर डराया, रॉड और डंडे से किया हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने पहले अभिषेक को चाकू दिखाकर डराया। जब पीड़ित ने विरोध करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने डंडे और लोहे की रॉड जैसे घातक हथियारों से उस पर हमला कर दिया। हमले में युवक को चोटें आई हैं। युवक को असहाय करने के बाद बदमाशों ने उसके पास रखे 1.70 लाख रुपये नगद और गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से रफूचक्कर हो गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, विशेष टीम गठित
दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज लूट की सूचना मिलते ही कोनी थाना पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ित का बयान दर्ज कर हुलिए के आधार पर तस्करों की तलाश शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान और धरपकड़ के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बिलासपुर पुलिस ने आरोपियों को दबोचने के लिए एक विशेष टीम का भी गठन किया है।

