दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के कोड़िया धान खरीदी केंद्र में शनिवार को अचानक भीषण आग लगने से भारी नुकसान हो गया। आग की चपेट में आने से करीब 300 बोरा धान जलकर राख हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
धान खरीदी केंद्र में तेजी से फैली आग
जानकारी के अनुसार, धान खरीदी केंद्र में अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते उसने बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। भीषण गर्मी और तेज लपटों के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे वहां संग्रहित धान को भारी नुकसान पहुंचा।
पैरा की चिंगारी से आग लगने की आशंका
ग्रामीणों के मुताबिक, आसपास क्षेत्र में पैरा जलाया गया था। आशंका जताई जा रही है कि उसकी चिंगारी धान खरीदी केंद्र तक पहुंचने से यह हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है और जांच जारी है।
दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह पहुंचे मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नुकसान का आकलन करने तथा आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए हैं।
आग बुझाने में लगे 5 पानी के टैंकर
अग्निशमन विभाग के अधिकारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग पर नियंत्रण पाने के लिए 5 टैंकर पानी का उपयोग करना पड़ा। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
300 क्विंटल धान के नुकसान का अनुमान
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आगजनी की इस घटना में करीब 300 क्विंटल धान का नुकसान हुआ है। प्रशासन द्वारा नुकसान का अंतिम आकलन किया जा रहा है।

