रायपुर/मरवाही। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को सुशासन तिहार के तहत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के ग्राम निमधा में ग्रामीणों के बीच पहुंचकर अनूठा जनसंवाद किया। मुख्यमंत्री गांव के बीच आम के पेड़ की छांव में खाट पर बैठकर ग्रामीणों से रूबरू हुए और बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, राशन एवं आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर सीधा फीडबैक लिया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की बड़ी घोषणाएं
जनचौपाल के दौरान ग्रामीणों और मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची ने जिले में नर्सिंग कॉलेज, ग्राम निमधा में मिनी स्टेडियम और सर्वसमाज के लिए विशाल मंगल भवन की मांग रखी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तीनों मांगों को तत्काल स्वीकृति देते हुए घोषणा की।
बिजली समस्या पर अधिकारियों को दिए निर्देश
ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। इस पर मुख्यमंत्री ने मौके पर ही अधिकारियों से जानकारी लेकर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार किया जाएगा।
राजस्व अधिकारियों को दी चेतावनी
जनसंवाद के दौरान राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतें सामने आने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संबंधित राजस्व निरीक्षकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर निराकरण करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
महिलाओं से बोले- अब करोड़पति दीदी बनने का लक्ष्य रखें
मुख्यमंत्री ने स्व-सहायता समूहों की महिलाओं और लखपति दीदियों से संवाद करते हुए कहा कि अब उनका लक्ष्य केवल लखपति बनना नहीं बल्कि करोड़पति दीदी बनना होना चाहिए। महिलाओं ने बताया कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि परिवार और बच्चों की शिक्षा में सहायक साबित हो रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में योजना की 28वीं किस्त के तहत प्रदेश की लगभग 70 लाख महिलाओं के खातों में राशि अंतरित की गई है।
जल्द शुरू होगी CM हेल्पलाइन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश में जल्द ही सीएम हेल्पलाइन शुरू की जाएगी, जिसके माध्यम से नागरिक टोल फ्री नंबर, ईमेल और व्हाट्सएप के जरिए अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। शिकायतों के त्वरित और समयबद्ध निराकरण की व्यवस्था विकसित की जा रही है।
‘आजीविका गाथा’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्व-सहायता समूहों की सफलता की कहानियों पर आधारित ‘आजीविका गाथा’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक ग्रामीण महिलाओं के संघर्ष, आत्मनिर्भरता और सफलता की प्रेरणादायक कहानी है।
स्थानीय व्यंजनों का लिया स्वाद
ग्रामीण परिवेश में आयोजित चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने सरई के दोना-पत्तल में परोसे गए स्थानीय व्यंजनों जैसे जामुन, कोईलार भाजी, बेल का शरबत, आम की चटनी और आमपना का स्वाद भी लिया।

