कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले स्थित उरंदाबेड़ा CAF (छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स) कैंप से एक दुखद घटना सामने आई है। ड्यूटी के दौरान CAF जवान जोगेंद्र नेताम ने अपनी ही सर्विस रायफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद कैंप और पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।
ड्यूटी के दौरान उठाया आत्मघाती कदम
जानकारी के अनुसार, उरंदाबेड़ा CAF कैंप में तैनात जवान जोगेंद्र नेताम ड्यूटी पर थे। इसी दौरान उन्होंने अपनी सर्विस रायफल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनते ही कैंप में मौजूद अन्य जवान मौके पर पहुंचे और तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल जवान को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
SP पंकज चंद्रा पहुंचे अस्पताल
मामले की जानकारी मिलने पर कोंडागांव पुलिस अधीक्षक (SP) पंकज चंद्रा अस्पताल की मर्च्युरी पहुंचे और मृतक जवान के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। साथ ही घटना की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के निर्देश दिए।
मानसिक तनाव की आशंका, जांच जारी
एसपी पंकज चंद्रा के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला व्यक्तिगत कारणों से मानसिक तनाव में उठाए गए कदम का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

