नई दिल्ली। NEET पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और बेरोजगारी के मुद्दे पर कांग्रेस ने देशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। पार्टी के मुताबिक इस अभियान की शुरुआत 17 जून को राजस्थान के कोटा से होगी, जिसका नेतृत्व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी करेंगे।
कई शहरों में होंगे छात्र सम्मेलन
कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने बताया कि अभियान के तहत 10 जुलाई को प्रयागराज, 11 जुलाई को पटना और 14 जुलाई को दिल्ली में बड़े छात्र सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में छात्र, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवा, शिक्षक और परीक्षा संबंधी मामलों से प्रभावित लोग शामिल होंगे।
छात्रों तक पहुंचने की तैयारी
पार्टी के अनुसार, एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, प्रदेश कांग्रेस कमेटियों और स्थानीय इकाइयों के माध्यम से छात्रों तक पहुंच बनाई जाएगी। कोचिंग सेंटरों, विश्वविद्यालयों, स्कूलों और युवा केंद्रों में संवाद कार्यक्रम, सोशल मीडिया अभियान, लाइव स्क्रीनिंग और छात्रों से सीधा संवाद भी आयोजित किया जाएगा।
सरकार को घेरने की रणनीति
कांग्रेस का कहना है कि इस अभियान के जरिए पेपर लीक, भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। पार्टी NEET के विकेंद्रीकरण, परीक्षा शुल्क समाप्त करने, पेपर लीक मामलों में सख्त कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी करेगी।

