नई दिल्ली। बीते कारोबारी सप्ताह में सोना और चांदी की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। हालांकि सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को दोनों कीमती धातुओं में तेजी दर्ज की गई, जिससे बाजार में फिर से खरीदारी का माहौल बनता नजर आया। विशेषज्ञों का मानना है कि हालिया गिरावट के बाद लंबी अवधि के निवेशकों के लिए यह अच्छा मौका हो सकता है।
सप्ताह के आखिरी दिन बढ़े दाम
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर शुक्रवार को सोना 147 रुपये की बढ़त के साथ 1,50,675 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। वहीं चांदी 418 रुपये चढ़कर 2,46,604 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। कारोबार के दौरान सोना 1,51,053 रुपये और चांदी 2,47,000 रुपये के स्तर तक भी पहुंची।
स्थानीय बाजार में रही नरमी
इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव 1,47,800 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया, जबकि चांदी 2,42,582 रुपये प्रति किलोग्राम रही। पूरे सप्ताह में सोना करीब 6,400 रुपये और चांदी करीब 14,300 रुपये तक सस्ती हुई।
क्यों आई कीमतों में गिरावट?
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक अमेरिका-ईरान तनाव, डॉलर की मजबूती और निवेशकों की मुनाफावसूली के चलते सोना-चांदी की कीमतों पर दबाव बना रहा। हालांकि सप्ताह के अंत में वैश्विक संकेतों में सुधार के बाद दोनों धातुओं में फिर से तेजी देखने को मिली।
क्या अभी खरीदना सही रहेगा?
केडिया एडवाइजरी के अनुसार, लंबी अवधि के निवेशक 1.40 लाख से 1.42 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर सोने में निवेश पर विचार कर सकते हैं। ब्रोकरेज का अनुमान है कि अनुकूल परिस्थितियों में अगले छह महीनों में सोना 1.60 लाख से 1.62 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है।

