रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सोमवार को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ कैडर के तीन प्रशिक्षु भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रशासनिक सेवा की जिम्मेदारियों, जनसेवा के महत्व और जमीनी स्तर पर संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का मार्गदर्शन दिया।
‘प्रशासनिक सेवा समाज में बदलाव का सबसे प्रभावी माध्यम’
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रशिक्षु अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रशासनिक सेवा केवल एक पद नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के फैसले हजारों लोगों के जीवन को प्रभावित करते हैं, इसलिए हर निर्णय में जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
संवेदनशीलता और निष्पक्षता से करें काम
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझने और उनका समाधान निकालने की सीख दी। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा का मूल उद्देश्य आम नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाना है और इसके लिए संवेदनशीलता, निष्पक्षता और समर्पण जरूरी है।
छत्तीसगढ़ के विकास और संभावनाओं से कराया परिचित
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रशिक्षु अधिकारियों को राज्य की सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक विशेषताओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ कनेक्टिविटी, पर्यटन, उद्योग और नक्सल उन्मूलन जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। साथ ही जनजातीय परंपराओं, सांस्कृतिक विविधता और प्रदेश के विकास के नए अवसरों पर भी अपने अनुभव साझा किए।
सुकमा से सरगुजा तक के अनुभव किए साझा
प्रशिक्षु अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान उन्हें सुकमा, बीजापुर, सरगुजा, जशपुर और कोरिया सहित विभिन्न जिलों का भ्रमण करने का अवसर मिला। इस दौरान उन्होंने स्थानीय संस्कृति, जनजीवन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को करीब से समझा। अधिकारियों ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक समृद्धि और यहां के लोगों के अपनत्व की सराहना की।
जिला प्रशिक्षण से पहले लिया मुख्यमंत्री का मार्गदर्शन
मुलाकात के दौरान अधिकारियों ने यूपीएससी की तैयारी और प्रशिक्षण से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए। मुख्यमंत्री ने उन्हें ईमानदारी, निष्ठा और मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।
उल्लेखनीय है कि गोकुल आर. के., वी. यशवंत नायक और ईशांत जायसवाल वर्तमान में छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी, निमोरा में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। जिला प्रशिक्षण पर रवाना होने से पहले उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।

