कोलकाता। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और BCCI के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली ने अपनी छवि को नुकसान पहुंचाने के आरोप में ‘Sourav Ganguly Fans’ नाम के एक फेसबुक पेज के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। यह शिकायत कोलकाता के ठाकुरपुकुर पुलिस थाने में दर्ज की गई है।
36 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स वाला पेज निशाने पर
जानकारी के मुताबिक, संबंधित फेसबुक पेज के 36 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं और यह खुद को सौरव गांगुली का आधिकारिक फैन पेज बताता है। गांगुली का आरोप है कि इस पेज पर लगातार उनके खिलाफ भ्रामक, अपमानजनक और मानहानिकारक पोस्ट साझा की जा रही हैं, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच रहा है।
‘आलोचना स्वीकार, लेकिन झूठा प्रचार नहीं’
FIR में सौरव गांगुली ने कहा है कि वे स्वस्थ आलोचना का सम्मान करते हैं, लेकिन जानबूझकर उनकी साख खराब करने वाले झूठे और भ्रामक प्रचार को स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि एक सार्वजनिक हस्ती होने के नाते अपनी व्यक्तिगत और पेशेवर छवि की रक्षा करना जरूरी है।
राजनीतिक विवाद पर भी दी सफाई
हाल ही में उनके नाम से जुड़े एक राजनीतिक विवाद पर भी सौरव गांगुली ने सफाई दी। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उनके माध्यम से यूसुफ पठान को इस्तीफा देने का संदेश भेजा था। गांगुली ने इन दावों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि ऐसी कोई बातचीत कभी नहीं हुई।
पुलिस ने शुरू की जांच
कोलकाता पुलिस ने सौरव गांगुली की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, फेसबुक पेज का संचालन करने वाले व्यक्ति या समूह की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

