रायपुर। रायपुर जिले के अभनपुर क्षेत्र में बैंक मित्रों और च्वाइस सेंटर संचालकों को निशाना बनाकर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और अभनपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, 2 बाइक, 4 मोबाइल फोन और 2 चाकू बरामद किए गए हैं।
बैंक मित्र से 2 लाख, च्वाइस सेंटर संचालक से 1.5 लाख की लूट
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने ग्राम सारखी और हसदा में दो अलग-अलग लूट की घटनाओं को अंजाम दिया। एक मामले में बैंक मित्र से 2 लाख रुपये और मोबाइल फोन, जबकि दूसरे मामले में च्वाइस सेंटर संचालक से डेढ़ लाख रुपये नकद लूट लिए गए थे।
मिर्ची पाउडर फेंककर और चाकू दिखाकर करते थे वारदात
जांच में सामने आया कि आरोपी पहले सुनसान जगहों पर घात लगाकर बैठते थे। मौका मिलते ही पीड़ितों का रास्ता रोककर उनके चेहरे पर मिर्ची पाउडर फेंकते, फिर चाकू दिखाकर नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो जाते थे।
CCTV और तकनीकी जांच से पुलिस को मिली सफलता
सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों की सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने गिरोह की पहचान की। पूछताछ में मुख्य आरोपी पिंटू उर्फ देशबंधु नेताम ने कर्ज में डूबने के कारण साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक पिंटू पहले भी मारपीट और अपहरण के मामलों में जेल जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी
- पिंटू उर्फ देशबंधु नेताम
- परमानंद साहू
- टेकराम उर्फ टीकू धीवर
- योगीराज सोनवानी
पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह अन्य इलाकों में भी इसी तरह की वारदातों में शामिल रहा है। मामले में विस्तृत पूछताछ जारी है।

