रायपुर। रायपुर जिले की अभनपुर पुलिस ने लूट की दो सनसनीखेज वारदातों का खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी बैंक मित्र और चॉइस सेंटर कर्मचारियों को निशाना बनाकर नकदी लूटते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, मोबाइल, बाइक और हथियार बरामद किए हैं।
मिर्ची पाउडर फेंककर करते थे लूट
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने ग्राम हसदा और सारखी में दो अलग-अलग लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था। आरोपी पहले अपने शिकार की रेकी करते थे और सुनसान जगह पर मौका मिलते ही पीड़ित के चेहरे पर मिर्ची पाउडर फेंककर तथा चाकू दिखाकर नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो जाते थे।

दो वारदातों में 3.50 लाख रुपये की लूट
जांच में सामने आया कि गिरोह ने दो अलग-अलग घटनाओं में करीब 3 लाख 50 हजार रुपये की लूट की थी। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।
सरपंच का भाई निकला मुख्य आरोपी
पुलिस के मुताबिक गिरोह का मुख्य आरोपी पिंटू उर्फ देशबंधु ग्राम पंचायत सारखी के सरपंच का छोटा भाई है। आरोपी पहले भी आबकारी, मारपीट, धोखाधड़ी और अन्य आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- पिंटू उर्फ देशबंधु नेताम
- परमानंद साहू
- टेकराम उर्फ टीकू धीवर
- योगीराज सोनवानी
आरोपियों से बरामद हुआ सामान
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:
- 70 हजार रुपये नकद
- 2 दोपहिया वाहन
- 4 मोबाइल फोन
- 2 धारदार चाकू
बरामद कर जब्त किए हैं।
अन्य वारदातों की भी जांच
पुलिस को आशंका है कि आरोपी गिरोह ने अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया हो सकता है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

