CG News : बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक महिला को कथित तौर पर जिंदा जलाने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने पत्नी के चरित्र पर संदेह करते हुए उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी महिला का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि आरोपी पति फरार बताया जा रहा है। मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र का है।
आधी रात हुई वारदात
जानकारी के अनुसार ग्राम रेलहा निवासी 45 वर्षीय महिला अपने पति और चार बच्चों के साथ रहती है। मंगलवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सो गए थे। महिला और उसका पति घर की परछी में सो रहे थे, जबकि बच्चे अंदर कमरे में थे।
आरोप है कि रात करीब 2:30 बजे पति उठा और बच्चों के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी। इसके बाद उसने सो रही पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
चीख सुनकर पहुंचे लोग
आग लगते ही महिला चीखने-चिल्लाने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर उसकी जान बचाई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से झुलसी महिला को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, बाद में बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल महिला का बयान दर्ज किया है। महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।
30 साल की शादी, फिर भी करता था शक
पचपेड़ी थाना प्रभारी कमला पुसाम ने बताया कि महिला की शादी को लगभग 30 वर्ष हो चुके हैं। दंपति के तीन बेटियां और एक बेटा है।
महिला के अनुसार उसका पति कई वर्षों से उसके चरित्र पर संदेह करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इसी संदेह के चलते आरोपी ने यह कदम उठाया।
आरोपी की तलाश जारी
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी बलौदाबाजार जिले में छिपा हुआ है। पुलिस टीम वहां पहुंची, लेकिन आरोपी पहले ही फरार हो चुका था। फिलहाल उसकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

