CG AC Blast : रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। अंबेडकर आवास आईटीआई कॉलोनी में बुधवार देर रात घर में लगे विंडो एसी का कंप्रेसर फटने से भीषण आग लग गई। हादसे में 45 वर्षीय पुरुषोत्तम पटेल की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि उनका बेटा आर्यन पटेल गंभीर रूप से घायल हो गया। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।
जन्मदिन की रात हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार, पुरुषोत्तम पटेल अपने 19 वर्षीय बेटे आर्यन पटेल के साथ रहते थे। बुधवार को आर्यन का जन्मदिन था। परिवार ने सामान्य तरीके से दिन बिताया और रात में खाना खाने के बाद दोनों सो गए।
तड़के करीब 3 बजे अचानक विंडो एसी का कंप्रेसर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे घर में आग और धुआं फैल गया।
बाहर खड़ी दो बाइक भी जलकर राख
धमाके के बाद निकली आग की चिंगारियां घर के बाहर खड़ी दो मोटरसाइकिलों तक पहुंच गईं। देखते ही देखते दोनों बाइक आग की चपेट में आ गईं और पूरी तरह जलकर राख हो गईं।
घर के मुख्य दरवाजे के पास आग और घना धुआं फैल जाने के कारण पिता और पुत्र बाहर नहीं निकल सके।
धमाका सुनकर पहुंचे लोग
तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने घर के बाहर बाइक में आग लगी देख तत्काल डायल-112 को सूचना दी।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर घर का दरवाजा तोड़ा और दोनों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
पिता की मौत, बेटे का इलाज जारी
अस्पताल में डॉक्टरों ने पुरुषोत्तम पटेल को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी मौत दम घुटने से हुई। वहीं गंभीर रूप से घायल आर्यन पटेल का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद चक्रधर नगर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी राकेश मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में विंडो एसी के कंप्रेसर में विस्फोट होने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार कमरा छोटा होने के कारण धुआं तेजी से भर गया, जिससे पिता-पुत्र बाहर नहीं निकल सके। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

