Mahasamund Murder : महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय छात्रा भारती टंडन की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि युवती की हत्या एक नाबालिग आरोपी ने की, जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर बाल न्यायालय में पेश किया। इसके बाद उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।

बर्थडे की रात घर से निकली थी छात्रा
पुलिस के अनुसार, भारती टंडन (18) ने 11वीं कक्षा उत्तीर्ण कर 12वीं में प्रवेश लिया था। 19 जून को जन्मदिन मनाने के बाद वह देर रात घर से निकल गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी तलाश के बाद 20 जून को खल्लारी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
रेत में दबी मिली लाश
22 जून को ग्रामीणों ने गांव के पास एक नाले की रेत से दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने रेत हटाकर शव बाहर निकाला, जिसकी पहचान भारती टंडन के रूप में हुई।
प्रारंभिक पोस्टमार्टम में सिर पर गंभीर चोट और खोपड़ी टूटने की पुष्टि हुई।
शादी का दबाव बना रही थी युवती
पुलिस जांच में सामने आया कि भारती का उसी स्कूल में पढ़ने वाले एक नाबालिग छात्र से प्रेम संबंध था। जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि युवती उस पर शादी का दबाव बना रही थी। इसी कारण उसने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
शादी का भरोसा देकर मिलने बुलाया
जांच में सामने आया कि आरोपी ने फोन पर शादी का भरोसा देकर जन्मदिन की रात युवती को मिलने बुलाया। युवती अपने साथ कपड़े और जरूरी सामान लेकर उससे मिलने पहुंची।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि मुलाकात के दौरान दोनों नाले के पास गए। इसके बाद उसने कथित रूप से भारी पत्थर से युवती के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
शव को रेत में दबाकर छिपाने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने शव को नाले की रेत में दबा दिया और घटनास्थल पर पड़े सामान को भी छिपाने का प्रयास किया। जांच के दौरान पुलिस ने पुल के नीचे से युवती का बैग, कपड़े, बालों के गुच्छे और अन्य सामान बरामद कर जब्त किया है।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
नोट: इस मामले में कुछ विवरण पुलिस जांच और आरोपी के कथित बयान पर आधारित हैं। अंतिम तथ्य न्यायिक प्रक्रिया और आगे की जांच के बाद ही स्पष्ट होंगे।

