Ram Mandir Donation Case : अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावे की राशि में कथित गड़बड़ी के मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चम्पत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दोनों ने जांच पूरी होने तक यह निर्णय लिया है।

जानकारी के अनुसार, ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास ने इस घटनाक्रम पर कहा कि उन्हें फिलहाल इस्तीफे की आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।
8 आरोपी गिरफ्तार, जांच तेज
इधर, चढ़ावा राशि में कथित गड़बड़ी के मामले में पुलिस ने नामजद 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मेडिकल परीक्षण के बाद सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
SIT रिपोर्ट के आधार पर आगे बढ़ रही जांच
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है। जांच में सामने आने वाले सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं विपक्ष ने एफआईआर में ट्रस्ट के वरिष्ठ पदाधिकारियों के नाम शामिल नहीं होने पर सवाल उठाए हैं।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से जारी है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

