कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में ससुराल में रह रहे एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। परिजनों का कहना है कि युवक को पिछले कुछ समय से कई बार कुत्ते ने काट लिया था, जिसके बाद वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ससुराल में रह रहा था युवक
पुलिस के अनुसार, बिलासपुर के बंधवापारा निवासी राजू गोंड (पिता रामचरण गोंड) शादी के बाद से चैतमा स्थित अपने ससुराल में रह रहा था। परिजनों ने बताया कि पिछले कुछ समय में उसे कई बार कुत्ते ने काटा था, जिसके बाद उसकी मानसिक स्थिति प्रभावित होने लगी थी।
पाइप में गमछा बांधकर लगाई फांसी
बताया जा रहा है कि बीती रात युवक ने नाले के ऊपर से गुजर रही पाइप में गमछा बांधकर फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पाली अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।

