बेंगलुरु। कन्नड़ फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मशहूर कन्नड़ अभिनेत्री और मॉडल कृषि थापांडा के बेंगलुरु स्थित आरआर नगर के अपार्टमेंट से 33 वर्षीय युवक वैशाख का शव बरामद हुआ है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना के समय घर पर नहीं थीं एक्ट्रेस
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना आरआर नगर स्थित एलिगेंट्स अपार्टमेंट की है। पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात वैशाख अभिनेत्री के फ्लैट पर आया था। घटना के समय कृषि थापांडा किसी काम से बाहर थीं। इसी दौरान युवक ने कथित तौर पर फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए विक्टोरिया अस्पताल भेज दिया।
मृतक का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस
रिपोर्ट्स के अनुसार, वैशाख अभिनेत्री का करीबी दोस्त बताया जा रहा है। वह पिछले कुछ समय से अपनी पत्नी के साथ घरेलू विवाद के कारण मानसिक तनाव में था और अक्सर अभिनेत्री के फ्लैट पर आता-जाता था। पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, वह पहले एक कारोबारी को जान से मारने की धमकी देने के मामले में गिरफ्तार हो चुका था।
कौन हैं कृषि थापांडा?
कृषि थापांडा कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री और मॉडल हैं। उन्होंने 2014 में मिस कर्नाटक का खिताब जीता था। वर्ष 2016 में फिल्म ‘अकीरा’ से अभिनय की शुरुआत की और SIIMA Awards में बेस्ट डेब्यू एक्ट्रेस के लिए नामांकित हुईं। वह बिग बॉस कन्नड़ सीजन-5 की चर्चित कंटेस्टेंट भी रह चुकी हैं।
फिलहाल बेंगलुरु पुलिस ने अप्राकृतिक मौत (Unnatural Death) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

