ठाणे। महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। भिवंडी कोर्ट ने मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को 6 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से परीक्षा के चारों प्रश्नपत्र सेट बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

कोर्ट ने भेजा पुलिस कस्टडी में
रविवार को भिवंडी कोर्ट में पेश किए गए तीनों आरोपियों को 8 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया। बचाव पक्ष के वकील शैलेश गायकवाड़ ने कोर्ट के आदेश की पुष्टि की। पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बिहार के राजू शाव, आकाश कुमार और हरियाणा के धीरज सिंह को गिरफ्तार किया था।
1.5 करोड़ में बेचने की थी तैयारी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी परीक्षा के चारों सेट करीब 1.5 करोड़ रुपये में बेचने की तैयारी कर रहे थे। शुरुआती जांच में इस संगठित गिरोह के तार बिहार, हरियाणा, दिल्ली और महाराष्ट्र से जुड़े मिले हैं। अब पुलिस पूरे नेटवर्क और इसके मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी है।
पेपर लीक की आशंका पर टली परीक्षा
गौरतलब है कि 28 जून 2026 को आयोजित होने वाली महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा को पेपर लीक की आशंका के चलते स्थगित कर दिया गया था। फिलहाल पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन, लैपटॉप, बैंक ट्रांजैक्शन और कॉल डिटेल्स की गहन जांच कर रही है, ताकि पूरे रैकेट का खुलासा किया जा सके।

