रायपुर। राजधानी रायपुर के माना क्षेत्र स्थित ग्राम नकटी में प्रस्तावित विधायक कॉलोनी के निर्माण के लिए सोमवार सुबह से 80 मकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना और इंदिरा आवास योजना के तहत बने 32 मकान भी शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

रविवार रात से तैनात रहा पुलिस बल
कार्रवाई को देखते हुए प्रशासन ने रविवार रात से ही गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया था। सोमवार सुबह राजस्व विभाग की टीम बुलडोजर और जेसीबी मशीनों के साथ पहुंची तो ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया।
जेसीबी के सामने डटे ग्रामीण
विरोध के दौरान कई ग्रामीण जेसीबी मशीनों के सामने खड़े हो गए। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प जैसी स्थिति भी बनी। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने हालात को नियंत्रित किया।

विधायक कॉलोनी के लिए खाली कराई जा रही जमीन
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई ग्राम नकटी के वार्ड क्रमांक 16 और 17 में की जा रही है। प्रशासन पहले ही मकान खाली करने के लिए नोटिस जारी कर चुका था। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें पर्याप्त समय और वैकल्पिक व्यवस्था दिए बिना बेदखल किया जा रहा है।
प्रशासन की निगरानी में जारी कार्रवाई
प्रशासन का कहना है कि प्रस्तावित विधायक कॉलोनी के निर्माण के लिए भूमि खाली कराई जा रही है। मौके पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं तथा पूरे हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।


