CG Lightning Death: छत्तीसगढ़ में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेशभर में अगले पांच दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। वहीं मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अगले दो दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने गरज-चमक, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी दी है।
इसी बीच बलरामपुर जिले से दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां आकाशीय बिजली गिरने से मां और बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान 33 वर्षीय मानती टेकाम और उनकी 14 वर्षीय बेटी कुमारी विमला टेकाम के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार दोनों खेत में काम कर रही थीं। दोपहर में तेज बारिश शुरू होने पर वे पास के एक पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। बलरामपुर के राजपुर में भारी बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-343 के किनारे स्थित कई घरों में घुटनों तक पानी भर गया। जलभराव से लोगों का अनाज, कपड़े, बिस्तर, फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान भी खराब हो गया।

मौसम विभाग के अनुसार बस्तर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई है। वहीं दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई इलाकों में भी अच्छी वर्षा हुई है। इसके बावजूद पूरे छत्तीसगढ़ में अब तक सामान्य से लगभग 54 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास न जाने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।



