रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गठित सहकारिता मंत्रालय ने देश में ‘सहकार से समृद्धि’ के संकल्प को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में सहकारिता के माध्यम से किसानों, वनवासियों, महिला स्व-सहायता समूहों और ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मंडपम में आयोजित राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन एवं सहकारी सप्ताह कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उत्कृष्ट सहकारी समितियों को सहकार प्रेरणा पुरस्कार प्रदान किया। इस दौरान उन्होंने जशपुर जिले के पंचक्की वन धन विकास केंद्र की महिला स्व-सहायता समूह को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित करते हुए लाभांश राशि भी वितरित की।
जशपुर के पंचक्की वन धन केंद्र में ‘अनंत समूह’ की 10 महिलाएं मिलकर च्यवनप्राश सहित विभिन्न औषधीय उत्पाद तैयार करती हैं। इन उत्पादों की आपूर्ति आयुष विभाग समेत अन्य संस्थानों को की जाती है। वर्ष 2024-25 के दौरान समूह ने 36 लाख रुपये के उत्पादों का विक्रय कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सहकारिता क्षेत्र को नई पहचान मिली है, जिसका सीधा लाभ किसानों और ग्रामीण परिवारों तक पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार कृषि के साथ-साथ पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, वनोपज, मत्स्य पालन और ग्रामीण उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में भी सहकारिता को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 29 जून से 6 जुलाई तक सहकारिता सप्ताह के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पिछले दो वर्षों में छत्तीसगढ़ में सहकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश की कोई भी पंचायत सहकारिता से वंचित न रहे, इसके लिए अब तक 1352 नई सहकारी समितियों का गठन किया जा चुका है।


