रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय में 103 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली स्वास्थ्य अधोसंरचना परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि “स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण करेगा।” राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
200 सीटर छात्रावास और कैंसर भवन का होगा विस्तार
इस परियोजना के तहत मेडिकल विद्यार्थियों के लिए 200 सीटर आधुनिक छात्रावास, कैंसर भवन का दूसरी से छठी मंजिल तक विस्तार तथा चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के लिए आवासीय परिसर का निर्माण किया जाएगा। कैंसर भवन में आधुनिक लैब, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर, सिंगल रूम और नए वार्ड विकसित किए जाएंगे, जिससे मरीजों को बेहतर उपचार सुविधा मिल सकेगी।
विद्यार्थियों की मांग हुई पूरी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि पिछले दौरे के दौरान मेडिकल छात्रों ने छात्रावास निर्माण की मांग रखी थी, जिसे सरकार ने प्राथमिकता देते हुए पूरा किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में जनता से किए गए अधिकांश वादों को पूरा किया है और ‘मोदी की गारंटी’ को धरातल पर उतारा है।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य क्षेत्र लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में राज्य को अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) की भी सौगात मिलेगी, जिससे आयुर्वेद और औषधीय वनस्पतियों को नई पहचान मिलेगी।
उन्होंने मेडिकल छात्रों से आह्वान किया कि पढ़ाई पूरी करने के बाद वे केवल शहरों तक सीमित न रहें, बल्कि सरगुजा से बस्तर तक प्रदेश के हर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं देने का संकल्प लें।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने गुणवत्ता पर दिया जोर
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि लगभग 104 करोड़ रुपये की लागत वाली ये परियोजनाएं प्रदेश की चिकित्सा व्यवस्था को नई दिशा देंगी। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को सभी कार्य तय समय-सीमा से पहले और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य मंत्री ने गिनाईं बड़ी उपलब्धियां
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि प्रदेश में पांच नए मेडिकल कॉलेजों की स्वीकृति, नर्सिंग कॉलेजों का विस्तार, फिजियोथेरेपी कॉलेजों की स्थापना और योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के लिए बड़े स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जगदलपुर में जल्द ही छत्तीसगढ़ का दूसरा बड़ा हार्ट सेंटर भी स्थापित किया जाएगा।
इन सुविधाओं का मिलेगा लाभ
परियोजनाओं के पूरा होने के बाद मेडिकल छात्रों को आधुनिक छात्रावास, सुरक्षित आवासीय सुविधाएं, लाइब्रेरी और रिक्रिएशन हॉल उपलब्ध होंगे। वहीं कैंसर मरीजों को अत्याधुनिक इलाज, आधुनिक लैब, आईसीयू और ऑपरेशन थिएटर जैसी बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा।


