CG News: छत्तीसगढ़ के बैकुंठपुर में 17 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या के मामले ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। घटना के बाद परिजनों ने IC Mart प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए IC Mart को सील कर दिया है।
मृतका की पहचान पुलिस लाइन निवासी प्रधान आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा की 17 वर्षीय पुत्री रितु सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, IC Mart प्रबंधन ने छात्रा पर कॉस्मेटिक सामान चोरी करने का आरोप लगाया था और उससे एक लिखित बयान भी लिया गया।
परिजनों का आरोप है कि इसके बाद प्रबंधन ने कथित तौर पर अलग-अलग चरणों में पैसों की मांग की और छात्रा की स्कूटी भी अपने पास रख ली। उनका कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम से छात्रा मानसिक रूप से बेहद परेशान थी। इसके बाद उसने अपने पिता के शासकीय आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना के बाद बैकुंठपुर में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने साक्ष्यों की सुरक्षा के लिए IC Mart को सील कर दिया है। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच करेगी।
सिटी कोतवाली प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नोट: आत्महत्या के कारणों को लेकर फिलहाल जांच जारी है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।


