नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े तीन शूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी किसी बड़ी वारदात और टारगेट किलिंग की साजिश रच रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने निगरानी कर सही समय पर तीनों को दबोच लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार शूटरों को विदेश में बैठे गैंग के नेटवर्क से निर्देश मिल रहे थे। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी पहले भी टारगेट फायरिंग सहित कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे हैं और दिल्ली के विभिन्न मामलों में वांटेड थे।
इस बीच, अमेरिका की जांच एजेंसी एफबीआई ने भी हाल ही में ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के तहत लॉरेंस बिश्नोई गैंग और उसके सहयोगियों गोल्डी बराड़ तथा जग्गू भगवानपुरिया के नेटवर्क पर कार्रवाई शुरू की है।
एफबीआई ने गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने पर 50 हजार अमेरिकी डॉलर (करीब 43 लाख रुपये) के इनाम की घोषणा की है।
गौरतलब है कि लॉरेंस बिश्नोई पर हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह फिलहाल जेल में बंद है। जांच एजेंसियों का दावा है कि वह जेल में रहते हुए भी अपने गैंग का नेटवर्क संचालित करने की कोशिश करता है।


