सूरजपुर। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल अजबनगर के मोरभंज में कुछ युवकों द्वारा कार से खतरनाक स्टंट करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी है।
वायरल वीडियो में युवक तेज रफ्तार कार से ड्रिफ्टिंग और डोनट्स जैसे जोखिम भरे स्टंट करते दिखाई दे रहे हैं। यह करतब ऐसे सार्वजनिक स्थान पर किए गए, जहां पर्यटकों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्यटन स्थलों पर इस तरह की लापरवाही न केवल पर्यटकों की सुरक्षा के लिए खतरा है, बल्कि क्षेत्र की छवि भी खराब करती है। लोगों ने प्रशासन और पुलिस से वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल इस मामले में पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और अब सभी की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है।


