रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्त बनाने की दिशा में केंद्र सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए गए अभियान से प्रदेश में उल्लेखनीय सफलता मिली है। इसी के सम्मान में छत्तीसगढ़ विधानसभा में केंद्र सरकार के प्रति धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों, सुरक्षा बलों की कार्रवाई और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुरक्षा, विकास और जनविश्वास की नीति के साथ आगे बढ़ रही है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में भी शासन की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सल प्रभावित इलाकों में सड़क, बिजली, मोबाइल नेटवर्क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया गया है। नियद नेल्लानार योजना सहित विभिन्न विकास कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की पहुंच मजबूत हुई है, जिससे लोगों का विश्वास बढ़ा है और अनेक नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में वापसी की है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा में लाया जाने वाला धन्यवाद प्रस्ताव नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में योगदान देने वाले सुरक्षा बलों के साहस, शहीद जवानों के सर्वोच्च बलिदान और केंद्र-राज्य के संयुक्त प्रयासों के प्रति सम्मान का प्रतीक होगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ अब शांति, विकास और निवेश के नए दौर की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।


