राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव क्षेत्र स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बीजेभाठा में बुधवार सुबह प्रार्थना सभा के दौरान मधुमक्खियों के अचानक हुए हमले से करीब 40 छात्र घायल हो गए। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सभी घायल छात्रों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगांव पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सुबह स्कूल में नियमित प्रार्थना सभा चल रही थी। इसी दौरान परिसर के पास एक पेड़ पर बने मधुमक्खियों के छत्ते से अचानक बड़ी संख्या में मधुमक्खियां निकलकर बच्चों पर हमला करने लगीं। हमले से छात्र-छात्राओं में भगदड़ मच गई और वे जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम स्कूल पहुंची। कुछ छात्रों का प्राथमिक उपचार स्कूल परिसर में ही किया गया, जबकि अधिक प्रभावित बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगांव ले जाया गया। चिकित्सकों ने सभी को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया और निगरानी में रखा।
बीएमओ के अनुसार, करीब 40 बच्चों को मधुमक्खियों ने डंक मारा है। प्रारंभिक आशंका है कि स्कूल परिसर के पास पेड़ पर बने छत्ते को किसी पक्षी ने छेड़ दिया, जिससे मधुमक्खियां आक्रामक हो गईं। फिलहाल सभी छात्र खतरे से बाहर हैं और किसी की भी हालत गंभीर नहीं है।
स्वास्थ्य विभाग और स्कूल प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। घटना के बाद स्कूल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


