छतरपुर। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र स्थित कौड़ा गांव में जमीन विवाद के दौरान हुई कथित फायरिंग और मारपीट के मामले में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के छोटे भाई शालिग्राम गर्ग का नाम सामने आया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, गांव में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि विवाद के दौरान फायरिंग हुई और दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई। घटना में कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घायल मोतीलाल कुशवाहा ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के किसानों पर जमीन बेचने का दबाव बनाया जा रहा है। उनका दावा है कि जमीन नहीं देने पर धमकी और मारपीट की जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी विवाद के दौरान उन पर गोली चलाई गई, जिससे वे घायल हो गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गरीब किसानों की जमीन हड़पने की कोशिश की जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है तथा घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस की ओर से एफआईआर और घटना के संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। वहीं, शालिग्राम गर्ग और बागेश्वर धाम की ओर से भी इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।


