विजयवाड़ा। बिजली विभाग के सरकारी कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। विभाग में रिटायरमेंट की उम्र 60 वर्ष से बढ़ाकर 62 वर्ष करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। ऊर्जा मंत्री गोट्टीपति रवि कुमार ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया है कि इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई जल्द पूरी की जाएगी।
सोमवार को बिजली कर्मचारी फोरम के एक प्रतिनिधिमंडल ने ऊर्जा मंत्री से मुलाकात कर अपनी विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने सभी बिजली कंपनियों में GO-Ms-45 को तत्काल प्रभाव से लागू करने और आंतरिक समिति की रिपोर्ट के आधार पर रिटायरमेंट की नई आयु लागू करने की मांग की।
कर्मचारी नेताओं ने बताया कि सरकार ने 23 जून को इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी, लेकिन इसके क्रियान्वयन में अभी तक देरी हो रही है। उन्होंने यह भी मांग की कि इस महीने सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को नई व्यवस्था लागू होने तक दो वर्ष अतिरिक्त सेवा का अवसर दिया जाए।
ऊर्जा मंत्री गोट्टीपति रवि कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि रिटायरमेंट आयु बढ़ाने से संबंधित प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा और कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक विचार किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में बिजली कर्मचारी फोरम के अध्यक्ष गुट्टा विल्ली रामकृष्णुडु, महासचिव कोटेश्वर राव, उपाध्यक्ष श्रीनिवास राव, सचिव एम. श्रीनिवास राव तथा नेता रमना राव, वाईएसआर प्रसाद और शिव सत्यनारायण शामिल रहे।


