रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने 18, 19 और 20 सितंबर को रायपुर में आयोजित होने वाले 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर (IIF) की तैयारियों, उद्देश्यों और आयोजन की विस्तृत जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे राष्ट्रीय स्तर के औद्योगिक आयोजन प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को नई दिशा देने के साथ-साथ निवेश, नवाचार और रोजगार सृजन को भी गति प्रदान करते हैं।
उद्योगों के लिए नया अवसर बनेगा रायपुर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उद्योग-अनुकूल वातावरण तैयार करने, प्रक्रियाओं को सरल बनाने और उद्यमियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि रायपुर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित होने वाला राष्ट्रीय औद्योगिक समागम छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास को नई गति देगा और प्रदेश के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा।
देशभर के उद्यमियों को मिलेगा साझा मंच
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि लघु उद्योग भारती देश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमियों का सबसे बड़ा संगठन है, जो उद्योगों के बीच बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) सहयोग को बढ़ावा देने का कार्य करता है।
रायपुर में आयोजित होने वाले 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर में देशभर के उद्यमी, निवेशक, उद्योग विशेषज्ञ और तकनीकी संस्थान एक मंच पर आएंगे। आयोजन के दौरान आधुनिक तकनीक, निवेश, विपणन, उद्योग-व्यापार सहयोग और व्यापार विस्तार के नए अवसरों पर विशेष फोकस रहेगा।
MSME सेक्टर को मिलेगी नई ऊर्जा
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ के MSME सेक्टर को नई ऊर्जा देने के साथ प्रदेश को राष्ट्रीय औद्योगिक मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे स्थानीय उद्यमियों को राष्ट्रीय बाजार से जुड़ने, नई तकनीक अपनाने और अपने कारोबार का विस्तार करने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
बैठक में लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र गुप्त, संयुक्त महासचिव नरेश पारख, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समीर, प्रांत अध्यक्ष सी. पी. दुबे, पुरुषोत्तम पटेल, अनिल बाकलीवाल, तूलिका पांडे और प्रांजल सिंह ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


