रायपुर, 31 जुलाई 2026। रायपुर जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत शेष बची नल जल योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के उद्देश्य से जिला पंचायत सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन ने की।
बैठक में सीईओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 31 दिसंबर 2026 तक शेष सभी ग्रामों में जल जीवन मिशन के कार्य पूर्ण कर संबंधित ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित किए जाएं। इसके लिए ग्रामवार कार्ययोजना और समय-सीमा तय करने के निर्देश भी दिए गए।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता ने बताया कि रायपुर जिले में जल जीवन मिशन के तहत कुल 521 नल जल योजनाएं स्वीकृत हुई थीं। इनमें से 334 योजनाएं पूरी कर ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित की जा चुकी हैं, जबकि 187 योजनाएं अभी शेष हैं।
सीईओ कुमार बिश्वरंजन ने अधिकारियों से कहा कि कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए, ताकि हर घर तक समय पर नल से स्वच्छ पेयजल की सुविधा पहुंचाई जा सके।
बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


