रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्र सरकार द्वारा राज्यों को अग्रिम कर हस्तांतरण के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सहकारी संघवाद को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि राज्यों की विकास आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए समय से पहले कर हिस्सेदारी उपलब्ध कराना केंद्र सरकार की संवेदनशील और विकासोन्मुखी सोच को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ को अग्रिम कर हस्तांतरण के रूप में ₹3,602 करोड़ की राशि मिलने से प्रदेश में अधोसंरचना विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस राशि से सड़क, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल सहित विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे कार्यों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्यों के बीच विश्वास, सहयोग और समन्वय की भावना ही विकसित भारत के निर्माण का मजबूत आधार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार राज्यों को सशक्त बनाने और उनकी वित्तीय क्षमता मजबूत करने के लिए प्रभावी निर्णय ले रही है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार का निरंतर सहयोग विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को और मजबूती देगा।


