रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राज्यपाल रमेन डेका की उपस्थिति में रविवार को रायपुर के लोक भवन से ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ का राज्य स्तरीय शुभारंभ किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से इस 100 सप्ताह के राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत करते हुए युवाओं से नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, स्वयंसेवी संगठन और विभिन्न युवा संगठनों के सदस्य शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण और समाज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
प्रधानमंत्री का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि युवा अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का सकारात्मक उपयोग करें, तो भारत को विकसित राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता।
लोक भवन में दिलाई गई शपथ
लोक भवन में प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राज्यपाल रमेन डेका की मौजूदगी में युवाओं ने नशामुक्ति की शपथ ली। इस दौरान नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया गया।
100 सप्ताह तक चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम
2 अगस्त 2026 से शुरू हुआ यह अभियान अगले 100 सप्ताह तक पूरे देश में चलेगा। इसके तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, एनएसएस, एनसीसी, माय भारत युवा संगठन और अन्य संस्थाओं के सहयोग से नशामुक्ति शपथ, जागरूकता रैलियां, पोस्टर एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं, वाद-विवाद, निबंध लेखन, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लघु फिल्म प्रदर्शन, सोशल मीडिया अभियान और सामुदायिक संवाद जैसे आयोजन किए जाएंगे।
युवाओं को सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ने पर जोर
अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, उन्हें सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ना और विकसित भारत के निर्माण में उनकी जिम्मेदार भागीदारी सुनिश्चित करना है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से इसे जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाया जाएगा।
कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार सत्यभामा अजय दुबे, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में युवा एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


